डेटिंग ऐप के जरिए चल रहे अंतरराज्यीय देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 17 गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 17 दलालों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मास्टरमाइंड जुगल कुमार राय को पश्चिम बंगाल के 24 परगना से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया।
जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह डेटिंग ऐप के जरिए ग्राहकों को युवतियों की फोटो और रेट उपलब्ध कराता था। ग्राहकों की मांग पर यह गिरोह विदेशी युवतियों को भी रायपुर बुलवाने का काम करता था।
एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि 5 जनवरी की रात वीआईपी रोड फ्लावर वैली, अमलीडीह रोड पर नशे की हालत में तेज रफ्तार कार चला रही उज्बेकिस्तानी युवती ने एक्टिवा सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में अरुण कुमार विश्वकर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। कार में डीआरआई (राजस्व खुफिया निदेशालय) के वकील भावेश आचार्य भी सवार थे।
जब पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, तो वे अपने संबंधों को छिपाने की कोशिश करने लगे। बाद में युवती ने बताया कि वह जुगल कुमार राय के बुलावे पर मुंबई से रायपुर आई थी।

भावेश आचार्य ने स्वीकार किया कि उसने जुगल राय से 27 हजार रुपये में विदेशी युवती को बुलवाया था। पुलिस ने जब आरोपियों के कॉल डिटेल खंगाले, तो डेटिंग ऐप के जरिए कई राज्यों और देशों की युवतियों की तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर करने के प्रमाण मिले।
पुलिस ने आरडीए कॉलोनी बोरियाखुर्द से रवि ठाकरे और हनुमाननगर, पहाड़ीपारा (गुढ़ियारी) से जागेंद्र उके उर्फ मोहन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वे जुगल शर्मा समेत कई अन्य लोगों के साथ मिलकर देह व्यापार चला रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने अंबिकापुर, कवर्धा, बसना, सरगुजा और अन्य शहरों में छापेमारी कर गिरोह के 17 सदस्यों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
1. बृजेश साहा (सरगुजा)
2. मोहम्मद साजिद (संतोषीनगर)
3. दिनेश लिलवानी (देवपुरी)
4. शेख इमरान (संजयनगर)
5. अमित सोनी (पुरानी बस्ती)
6. रमेंद्र पाठक (डीडीनगर)
7. शेख नूरूल हक (टिकरापारा)
8. दुर्गेश पनागर (कवर्धा)
9. मयंक हरपाल (जगदलपुर)
10. मोहम्मद शबीर (संतोषीनगर)
11. मनोरंजन बारिक (बसना, महासमुंद)
12. ऋषभ शर्मा (तेलीबांधा)
13. एक अन्य महिला दलाल

मुख्य आरोपी जुगल राय की पत्नी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मास्टरमाइंड जुगल कुमार राय और उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि यह गिरोह डेटिंग ऐप के जरिए देशभर में देह व्यापार चला रहा था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


