
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में CRPF के एक हेड कॉन्स्टेबल ने सुसाइड कर लिया है। जवान पवन कुमार हरियाणा का रहने वाला था। शुक्रवार को ऑन ड्यूटी उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। मामला भैरमगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर के पातरपारा में CRPF 199 BN कैंप स्थित है। यहां पदस्थ जवान पवन कुमार शुक्रवार को मोर्चा नंबर-2 में ड्यूटी पर तैनात था। इसी बीच अचानक उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही कैंप के बाकी जवान मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पवन को तत्काल भैरमगढ़ अस्पताल लाया। जहां डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि, जवान के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। जिसके बाद शव को उनके घर हरियाणा भेजा जाएगा। जवान के सुसाइड का कारण का पता नहीं चल सका है।

