
बिलासपुर, 31 अक्टूबर 2024 – बिलासपुर रेलवे सुरक्षा बल (जीआरपी) के चार जवानों को ओडिशा से गांजा तस्करी कर जिले में सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दो जवानों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसीसीयू की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में खुलासा हुआ है कि ये जवान जीआरपी की विशेष टीम का हिस्सा थे और लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे।
ओडिशा से गांजा मंगाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई…
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि जीआरपी के ये जवान रेल मार्ग से ओडिशा से गांजा लाकर जिले में सप्लाई करते थे। सख्त कदम उठाते हुए पुलिस ने दो जवानों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य दो से पूछताछ जारी है।
उच्च अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका…
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार जवानों में से एक पहले भी नशे के मामलों में पकड़ा गया था, लेकिन अधिकारियों के संरक्षण के चलते वह कारोबार जारी रख सका। बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारियों को भी इस तस्करी की जानकारी थी, फिर भी कार्रवाई न करके वे इसे संरक्षण दे रहे थे।
गांजा तस्करी का बढ़ता नेटवर्क…
बिलासपुर में गांजा तस्करी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हाल के दिनों में पुलिस ने कई तस्करों को पकड़ा है, लेकिन इस बार जीआरपी के जवानों का इसमें शामिल होना बेहद गंभीर मामला है। जानकारों का कहना है कि इसमें कुछ उच्च अधिकारियों की संलिप्तता भी हो सकती है। हालांकि, इस पर अब तक बिलासपुर पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। अब देखने वाली बात यह है कि पुलिस इस मामले में बड़ा खुलासा करती है या मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा। क्या ये जवान जेल से छूटकर फिर से तस्करी जारी रखेंगे या पुलिस इस बार सख्त कार्रवाई करेगी?
जल्द ही बड़ा खुलासा…
सूत्रों के अनुसार, जल्द ही उन उच्च अधिकारियों के नाम सामने आएंगे, जिनके संरक्षण में ये जवान तस्करी कर रहे थे। गिरफ्तार जवानों का आत्मविश्वास पुलिस के लिए भी हैरान करने वाला है, जिससे इन पर उच्च अधिकारियों के संरक्षण का शक गहरा रहा है।
