कोरबा में बड़ा सड़क हादसा: पिकनिक से लौट रहे वाहन के पलटने से मासूम की मौत, 25 घायल, फैला मातम का साया

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, 25 से अधिक लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर पिकनिक से लौट रहे थे, जब जटगा चौकी के ग्राम घुमानीडांड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस हादसे में वाहन के नीचे दबने से एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। इनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मृतक और घायल सभी लोग कोरबा जिले के बनखेता ग्राम पंचायत के कांसा मार गांव के निवासी थे। ये लोग बुका में पिकनिक मनाने गए थे और वापस लौट रहे थे। पिकअप वाहन का चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है।



