मस्तूरी में धान तस्करी का बड़ा खुलासा: 2.78 लाख का अवैध धान जब्त, कलेक्टर के आदेश से मच गई हलचल!

 
मस्तूरी: अवैध धान परिवहन में पकड़े गए दो ट्रैक्टर, 2.78 लाख की धान जब्त

मस्तूरी तहसील के ग्राम वेद परसदा में अवैध रूप से धान ले जाते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े गए हैं। संयुक्त टीम ने इनसे 224 बोरी धान जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.78 लाख रुपये बताई गई है। जांच के दौरान वाहन चालकों ने बताया कि यह धान बिल्हा से टिकारी ले जाया जा रहा था।

मौके पर धान परिवहन के लिए कोई वैध दस्तावेज, जैसे मंडी शुल्क रसीद या स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। तहसीलदार ने दोनों ट्रैक्टर और धान की बोरियों को जब्त कर प्रकरण तैयार किया है। मामले में मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कलेक्टर ने कोचियों और दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि अवैध धान परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर कठोर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने एक मजबूत सूचना तंत्र विकसित किया है, जिसके तहत अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाती है। सरकार के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए यह अभियान लगातार चल रहा है।


राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की टीमें अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई में कोई ढिलाई न बरती जाए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *