बिलासपुर में महात्मा श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण समिति द्वारा 29 जनवरी 2025 को साइंस कॉलेज मैदान में 1108 पार्थिव शिवलिंगों पर महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मौनी अमावस्या के अवसर पर होगा। भक्तगण ₹1500 की रसीद कटवाकर इस पवित्र अनुष्ठान में शामिल हो सकते हैं। यह समारोह धार्मिक जागरूकता फैलाने और भक्ति के माध्यम से एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।


हत्या के फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर। विनोबा नगर में अक्टूबर 2024 में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी इंद्रजीत यादव को उत्तर प्रदेश के बलिया से गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या का मामला 24 अक्टूबर 2024 को दर्ज हुआ था, जिसमें मृतक हरिओम की हत्या को लेकर तारबाहर थाना में अपराध क्रमांक 333/2024 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि मृतक हरिओम का विवाद लेनदेन को लेकर आरोपियों इंद्रजीत यादव और सुयश सिंह से था।

पुलिस ने पहले ही छह आरोपियों—सुयश सिंह, सक्षम पांडेय, संतोष सोनी, तुषार मजूमदार, दामन सिंह और हर्षित गौरहा—को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। मुख्य आरोपी इंद्रजीत यादव घटना के बाद फरार था।

⭕सायबर सेल की मदद से पकड़ाया आरोपी
पुलिस ने सायबर सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रैक किया। कई बार लोकेशन बदलने के बावजूद, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बलिया में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।

⭕कार्रवाई में पुलिस टीम का विशेष योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक कृष्ण चंद सिदार, सउनि उमेश उपाध्याय, सउनि संजय शर्मा, आरक्षक राहुल राजपूत और ख्वाजा असलम ने विशेष योगदान दिया। पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाकर न्यायालय में पेश किया।

