छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव: आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू, 25 दिनों में पूरा होगा चुनाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव एक ही चरण में संपन्न होंगे। इसके लिए आज, 22 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर या सहायक रिटर्निंग अफसर के समक्ष जमा कर सकते हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 28 जनवरी निर्धारित की गई है। हालांकि, 25 और 26 जनवरी को नामांकन नहीं लिए जाएंगे।

निकाय चुनाव के लिए मतदान 11 फरवरी को होगा, और 15 फरवरी को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। कुल 25 दिनों में चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस बार प्रदेश के 14 नगर निगमों में से 10 नगर निगम, 54 नगर पालिकाओं में से 45 नगर पालिका परिषद, और 124 नगर पंचायतों में से 114 नगर पंचायत अध्यक्षों के चुनाव कराए जाएंगे।

रायपुर जिले में नगरीय निकायों के लिए 1290 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें रायपुर नगर निगम के 70 वार्डों में 1095 मतदान केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 1378 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगरीय निकाय के लिए 69 और पंचायत चुनाव के लिए 4 सहायक मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।

मतदाता संख्या की बात करें तो रायपुर नगर निगम में कुल 10 लाख 36 हजार 79 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नगरीय निकाय में 11 रिटर्निंग ऑफिसर और पंचायत चुनाव में 5 रिटर्निंग ऑफिसर एवं 74 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तैनात किए गए हैं।
चुनाव प्रक्रिया की प्रमुख तारीखें:
नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि: 28 जनवरी
मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन: 27 जनवरी
चुनाव चिन्ह का प्रकाशन: 6 फरवरी
मतदान की तिथि: 11 फरवरी
मतगणना और परिणाम: 15 फरवरी

निकाय क्षेत्रों को 107 सेक्टर और त्रिस्तरीय पंचायत क्षेत्रों को 97 सेक्टर में बांटा गया है। यह चुनाव प्रदेश के नगरीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

