बिलासपुर सड़क हादसा: अपोलो अस्पताल की नर्स मीना भारद्वाज की दर्दनाक मौत

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित बजरंग चौक पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अपोलो अस्पताल में पदस्थ नर्स मीना भारद्वाज की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे अपने परिजनों के साथ दुपहिया वाहन से अस्पताल ड्यूटी के लिए जा रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से एक कार और एक बाइक आ रही थी, जिससे अचानक संतुलन बिगड़ गया और दुपहिया वाहन सड़क पर गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश, मीना भारद्वाज गिरते ही पास से गुजर रहे चार पहिया वाहन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इस हादसे की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने के लिए CCTV फुटेज का सहारा ले रही है।

मीना भारद्वाज की अचानक हुई मौत से परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर है। अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अज्ञात वाहन चालक को पकड़ने के लिए प्रयासरत है।

