मतपत्र प्रूफ रीडिंग में लापरवाही पर पटवारी निलंबित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 फरवरी 2025 – त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत मतपत्रों (बैलेट पेपर) की प्रूफ रीडिंग में लापरवाही बरतने पर तहसील कार्यालय मरवाही के पटवारी जवाहर राम चौधरी को निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार, पटवारी जवाहर राम चौधरी को 18 फरवरी 2025 को मतपत्रों की प्रूफ रीडिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक उपस्थित रहने के निर्देश थे, लेकिन 19 फरवरी की रात 9 बजे से वे बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित हो गए।
अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप
नोडल अधिकारी के फोन कॉल को काटने और मोबाइल नंबर बंद करने की शिकायत सामने आई।
रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) खंड मरवाही ने कारण बताओ नोटिस जारी किया।
जवाब में उन्होंने अपने परिचित के यहां जाने की बात कही, लेकिन पूर्व सूचना नहीं दी।
उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जवाब भेजा, जिसे उच्चाधिकारियों की अवहेलना माना गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(2)क के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश दिया।
निलंबन अवधि में पटवारी चौधरी का मुख्यालय कलेक्टर (भू-अभिलेख) शाखा, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही होगा।
उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।