लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत

लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत



कोरिया। कोरिया जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती की उसके प्रेमी ने शराब के नशे में बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के रामानुजनगर के पतरापाली गांव की 33 वर्षीय सूरजमनिया की दो साल पहले कोरिया जिले के गुलिया सरई निवासी नारायण सिंह (33) से प्रेम संबंध बने थे। वह स्थानीय परंपरा “ढूकू” के तहत उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। कुछ समय बाद ही नारायण ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट से परेशान होकर सूरजमनिया ने नारायण को छोड़ दिया था और अपने मायके लौट आई थी। एक महीने पहले नारायण उसे वापस अपने साथ ले गया और विश्वास दिलाया कि वह अब मारपीट नहीं करेगा।
लेकिन करीब एक सप्ताह पहले नारायण ने फिर शराब पीकर सूरजमनिया की बेदम पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल सूरजमनिया का कोई इलाज नहीं कराया गया। हालत बिगड़ने पर नारायण ने उसकी मां को फोन कर जानकारी दी।

चार दिन पहले सूरजमनिया को बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।

मामले में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। कोरिया पुलिस को केस डायरी भेजी जा रही है, और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *