नाबालिग लड़की को भगाने वाला बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत पुलिस बाहरी और संदेहास्पद व्यक्तियों की जांच कर रही है। इस दौरान तोरवा पुलिस को सूचना मिली कि देवरी खुर्द नहर पारा में एक संदिग्ध बांग्लादेशी युवक नाबालिग किशोरी के साथ रह रहा है। इस मामले की जानकारी नागपुर स्थित सामाजिक संस्था फ्रीडम फर्म से भी मिली थी।
पुलिस ने जब देवरी खुर्द में छापेमारी की तो वहां हृदोय कुमार शर्मा (20 वर्ष) नामक युवक मिला, जो मूल रूप से बांग्लादेश के जशोर जिले का निवासी है। जांच में पता चला कि वह एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आया था और कथित रूप से विवाह कर उसके साथ रह रहा था।
पुलिस ने युवक को नाबालिग को भगाने और अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।




