बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: 17 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में 17 नक्सली मारे गए हैं। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों द्वारा अभी औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें एसएलआर और अन्य खतरनाक हथियार शामिल हैं। यह मुठभेड़ पुजारी कांकेर, मारुरबाका और तेलंगाना सीमा से सटे इलाकों में हुई।
जानकारी के मुताबिक, डीआरजी बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा की संयुक्त टीम, कोबरा बटालियन और सीआरपीएफ की टीम ने माओवादियों के बड़े कैडरों की मौजूदगी की सूचना पर यह ऑपरेशन शुरू किया। मुठभेड़ सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई थी।
इसके साथ ही, गुरुवार को ही बासागुड़ा थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ की कोबरा इकाई के दो कमांडो घायल हो गए। सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम उस समय क्षेत्र में अभियान पर निकली थी।
इस ऑपरेशन में डीआरजी की टीमों के साथ कोबरा 204, 205, 206, 208, 210 और केरिपु 229 बटालियन के जवान शामिल थे। घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।