बिलासपुर: तलाकशुदा महिला की सड़ी-गली लाश कमरे में मिली, हत्या की आशंका

बिलासपुर: तलाकशुदा महिला की सड़ी-गली लाश कमरे में मिली, हत्या की आशंका 


बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक तलाकशुदा महिला की सड़ी-गली लाश उसके किराए के मकान में मिली। मृतका की पहचान 44 वर्षीय जया सुखनंदन के रूप में हुई है, जो चांटापारा तिलक नगर में हनुमान मंदिर के पीछे अकेले रह रही थी। घटना शुक्रवार देर शाम उस समय सामने आई जब मोहल्ले में तेज बदबू फैलने पर पड़ोसियों ने उसके कमरे में झांककर देखा।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब टीम मौके पर पहुंची, तो महिला का शव सोफे पर पड़ा हुआ था। कमरे का दरवाजा खुला था, और आसपास कटे बाल व बिखरे कपड़े पाए गए। शव तीन-चार दिन पुराना था और उसमें कीड़े लग चुके थे।


पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और इसे संदिग्ध घटना मानते हुए जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। महिला के रिश्तेदारों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की जा रही है।



बताया जा रहा है कि जया सुखनंदन का पति से तलाक हो चुका था, और वह अकेली रहती थी। मोहल्ले वालों के अनुसार, महिला आमतौर पर घर के अंदर ही रहती थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी।


पुलिस को कमरे में मिले कटे बाल और बिखरे कपड़ों के आधार पर हत्या की आशंका है। हालांकि, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।


पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *