बिलासपुर: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कैफे संचालक की मौत, हाईवे पर फिर हुआ दर्दनाक हादसा

बुधवार शाम रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सरगांव थाना क्षेत्र के पास एक भीषण सड़क हादसे में बिलासपुर निवासी और “टिक टॉक कैफे” के संचालक तरुण कुमार प्रजापति (29) की जान चली गई। तरुण की मोटरसाइकिल (सीजी 10 बीएल 0802) को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

यह दुर्घटना शाम करीब 6:30 बजे रेस्ट इन सर्विस एरिया के पास हुई। तरुण किसी काम से सरगांव आए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सरगांव पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस ट्रक और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
परिवार में शोक और सड़क सुरक्षा पर सवाल
गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद तरुण के शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे से परिवार और दोस्तों में शोक की लहर है। हाईवे पर लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं और लापरवाही से हो रही मौतों ने सड़क सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तरुण के असामयिक निधन से तिफरा इलाके में शोक का माहौल है। दोस्तों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।



