जांजगीर-चांपा /महाकाली संगठन के बैनर तले प्रबुद्ध नागरिकों ने विशाल कैंडल मार्च निकाला, जिसमें हज़ारों लोग शामिल हुए। सभी ने 2 वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म के आरोपी को फांसी की मांग की और सरकार से कड़े कानून बनाने की अपील की। शांतिपूर्ण मार्च में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने न्याय की गुहार लगाई।
हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन घटना के बाद शहर में उपजे माहौल से लोग चिंतित हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऐसी घटनाओं को कैसे रोका जाए और बेटियों, बहुओं, बहनों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों में भय का अभाव कई गंभीर सवाल खड़े करता है। समय पर FIR दर्ज न होना और पीड़ितों का चक्कर काटना बेहद कष्टकारी है। अगर शहर के रक्षक लगातार नशा विरोधी अभियान चलाकर अपराधियों में भय पैदा करें और सख्त कार्रवाई करें, तो ऐसी जघन्य घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

