“CG: क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, घर में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा, 4 गिरफ्तार, पुलिस ने 20 लाख की नकदी और सामान जब्त किया”

 

सरगुजा में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, 20 लाख का सामान जब्त, 4 गिरफ्तार

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सरगुजा साइकल स्टोर के सामने स्थित एक घर में छापा मारकर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी घर में ऑफिस बनाकर क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलवाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने मौके से नकदी और सट्टेबाजी से जुड़े उपकरण समेत 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया।

कोतवाली थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि सुधीर गुप्ता नामक व्यक्ति अपने घर में ऑफिस बनाकर क्रिकेट सट्टा खिलवा रहा है। नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह के निर्देशन में थाना कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई की। मौके पर तीन आरोपियों—राहुल अग्रवाल उर्फ विक्की, श्रीकांत अग्रवाल, और राहुल कुमार सोनी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। बाद में पूछताछ के दौरान चौथे आरोपी अर्जुन गुप्ता की गिरफ्तारी भी हुई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 73 मोबाइल, 234 एटीएम कार्ड, 78 चेकबुक, 81 पासबुक, 77 सिम कार्ड, 8 बारकोड स्कैनर, और 13 आधार कार्ड की छायाप्रतियां बरामद कीं। साथ ही एक एलईडी टीवी, सेट-टॉप बॉक्स, वाई-फाई सेट, प्लास्टिक फर्नीचर और 1,54,100 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी आधार और पैन कार्ड का उपयोग कर बैंकों में खाते खुलवाए और यूपीआई सेवाओं जैसे फोन पे, पेटीएम, और गूगल पे का इस्तेमाल सट्टेबाजी के लेन-देन में किया।

पुलिस ने सुधीर गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी
1. राहुल अग्रवाल उर्फ विक्की – 27 वर्ष, निवासी मणीपुर, सरगुजा

2. श्रीकांत अग्रवाल – 46 वर्ष, निवासी अंबिकापुर

3. राहुल कुमार सोनी – 23 वर्ष, निवासी शास्त्री नगर, अंबिकापुर

4. अर्जुन गुप्ता – 20 वर्ष, निवासी शिकारी रोड, अंबिकापुर


नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह के नेतृत्व में थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार और साइबर सेल की टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में कुल 20 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ किया।

फरार आरोपी सुधीर गुप्ता की तलाश जारी है। पुलिस सट्टेबाजी में इस्तेमाल हुए बैंक खातों और लेन-देन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *