सरगुजा: शादी का झांसा देकर आदिवासी युवती का शोषण, गर्भपात के बाद शादी से किया इनकार, आरोपी गिरफ्तार सरगुजा जिले में एक आदिवासी युवती को शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गांधीनगर थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख ने बताया कि बलरामपुर जिले के बरियो निवासी राहुल सिंह (27) ने साल 2017 में युवती से जान-पहचान बढ़ाई। बातचीत के दौरान उसने शादी का झांसा देकर 15 अक्टूबर 2017 को युवती को सुभाषनगर अंबिकापुर स्थित अपने किराए के मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, राहुल सिंह लगातार शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। 2021 में जब युवती गर्भवती हुई, तो राहुल ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया। युवती ने बताया कि 21 अगस्त 2024 तक राहुल ने उसका शोषण किया, लेकिन बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
थक हारकर पीड़िता ने 30 अक्टूबर 2024 को गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 81, 88 बीएनएस एवं एसटी/एससी एक्ट की धारा 3(2)(ट) के तहत केस दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उदयपुर: नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर थाना क्षेत्र में भी नाबालिग छात्रा को भगाकर ले जाने और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने 22 दिसंबर को बेटी के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान छात्रा को ग्राम जजगी निवासी जलेश्वर के घर से बरामद किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 137, 64 (2)(ड)बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4,6 के तहत कारवाई की । आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया , जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।