छत्तीसगढ़: एएसपी के ड्राइवर की सड़क हादसे में मौत, स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई

नगरी (छत्तीसगढ़): नगरी ब्लॉक में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एएसपी शैलेंद्र कुमार पांडे के वाहन चालक बलराम ठाकुर की मौत हो गई। यह हादसा नगरी थाना क्षेत्र में छीपली चौक से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ, जहां स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पलटी और पेड़ से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन खो बैठी। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि चालक बलराम ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक बलराम ठाकुर मूल रूप से गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र का निवासी था और बीते ढाई महीने से नगरी में पदस्थ एएसपी के सरकारी वाहन को चला रहा था।

पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

