सारंगढ़-बिलाईगढ़: मामूली विवाद में चली गोली, युवक की मौत, 4 आरोपी गिरफ्तार , मुख्य आरोपी फरार
सारंगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब सूर्या बेकरी के सामने प्लास्टिक जलाने को लेकर विवाद हुआ और एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक मुखलाल मांझी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सूर्या बेकरी के सामने प्लास्टिक जलाने को लेकर ललिता बघेल, पिंटू जांगड़े और कृष्णा राजपूत का बेकरी स्टाफ से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गुस्से में आकर मुखलाल मांझी के सीने में गोली मार दी।
मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। तीन महीने पहले सिंघनपुर के ग्रामीणों ने उस पर अवैध रेत खनन का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री और कलेक्टर से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। माना जा रहा है कि इसी वजह से उसके हौसले बुलंद हो गए थे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार व मैगजीन बरामद की। अब पुलिस फरार आरोपी कृष्णा राजपूत की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि पहले ही आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाती, तो शायद यह घटना नहीं होती। पुलिस प्रशासन से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की जा रही है।