सरगुजा: बड़ी मां को जिंदा जलाकर हत्या, भतीजी और भतीजे ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चटकपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 50 वर्षीय महिला भीनसरी विश्वकर्मा को उनकी भतीजी प्रभा विश्वकर्मा (25) और भतीजे अमृत उर्फ चंटू (22) ने जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतका ने अपनी भतीजी को गांव के लड़कों के साथ घूमने और घर बुलाने पर टोका था, जिससे विवाद बढ़ा। बुधवार शाम को प्रभा ने घर पर दोस्तों के साथ शराब और मांस की पार्टी रखी थी। पार्टी के बाद बड़ी मां द्वारा डांटे जाने पर विवाद शुरू हो गया।

बहस के दौरान प्रभा ने जलती लकड़ी से बड़ी मां के सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गईं। इसके बाद उनकी साड़ी में आग लगा दी गई। महिला मौके पर ही बुरी तरह झुलस गई और दम तोड़ दिया।
घटना को छिपाने के लिए दोनों ने महिला का शव गांव के एक अन्य घर के सामने फेंक दिया और वापस आकर सो गए।
सुबह ग्रामीणों को महिला का शव मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। धौरपुर थाना प्रभारी अश्वनी दीवान की टीम ने जांच की। घटनास्थल से जले कपड़ों के टुकड़े और खून के धब्बे बरामद हुए। पुलिस ने प्रभा को राजपुर से और अमृत को घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनके खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट:
एडिशनल एसपी अमोलक सिंह के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह सामने आया कि महिला की मौत जलने के दौरान ऑक्सीजन की कमी से हुई है।



