
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने धारदार हथियार से वारकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाया, जिसके बाद उसे मारकर शव गांव के रास्ते में फेंक दिया। नक्सलियों ने पर्चा के माध्यम से कहा है कि इसकी जिम्मेदार सिर्फ छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के भोपालपटनम क्षेत्र का है। इस इलाके के रहने वाले युवक ताटी कन्हैया को एक दिन पहले नक्सलियों ने अगवा कर लिया था। जिसके बाद इसे गांव के ही जंगल में लेजाकर पुलिस की मुखबिरी करने के शक में मार डाला। जिसके बाद उसका शव फेंक दिया था। वहीं आज सुबह इलाके के लोगों ने गांव के बाहर उसका शव देखा।
जिसके बाद इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जवान मौके पर पहुंच गए। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। नक्सलियों की मद्देड़ एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है।
शव के पास फेंका पर्चा
नक्सलियों ने शव के पास एक पर्चा भी फेंका है। जिसमें लाल स्याही से हाथों से लिखा हुआ है। नक्सलियों ने कहा है कि युवक पिछले कई सालों से पुलिस का मुखबिर बनकर काम कर रहा था। पहले भी समझाइश दी गई थी लेकिन माना नहीं। इसलिए उसे मौत की सजा दी है। लेकिन इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है

