पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने 12 घंटे में किया गिरफ्तार

बिलासपुर: सरकंडा पुलिस ने अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संतोष कुमार खैरवार ने पूछताछ के दौरान पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया है।

🔴नहर किनारे मिला था महिला का शव
सरकंडा पुलिस को सूचना मिली कि खमतराई स्थित तीन पुलिया के आगे आशाबंद रोड नहर किनारे एक महिला का शव पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की हत्या गला घोंटकर की गई थी।

🔴पति पर आया शक, फिर हुआ गिरफ्तार
शव की पहचान दुर्गा उर्फ ऐश्वर्या खैरवार के रूप में हुई, जो बंगालीपारा सरकंडा में अपने पति संतोष खैरवार के साथ रहती थी। जांच में पता चला कि हत्या के बाद से पति फरार है, जिससे संदेह और गहरा गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिली कि वह अपने मूल गांव एरमसाही (थाना मस्तूरी) में छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

🔴पति ने कबूली हत्या की बात
पूछताछ के दौरान संतोष खैरवार ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि पत्नी दुर्गा अक्सर अपने फूफा से मोबाइल पर बात करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। आरोपी का शक था कि पत्नी का अपने फूफा के साथ अवैध संबंध है।
12 मार्च की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच संतोष पत्नी को शौच के बहाने खमतराई नहर की ओर ले गया और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
🔴पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
सरकंडा पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।


