बिलासपुर: सूदखोरी विवाद में रेलवे कर्मचारी का अपहरण, सिरगिट्टी पुलिस ने सुरक्षित कराया रिहा

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सूदखोरी के विवाद के चलते रेलवे कर्मचारी अमीर अहमद का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया गया। आरोपी महिला ने अपने गुर्गों की मदद से इस घटना को अंजाम दिया।

रेलवे कर्मचारी अमीर अहमद ने सिरगिट्टी क्षेत्र की एक महिला से रकम उधार ली थी। रकम वसूलने के लिए महिला ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर अमीर अहमद का अपहरण कर नयापारा के एक मकान में बंधक बना लिया। बंधक बनाए गए अमीर ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन के जरिए सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी रजनीश सिंह और उनकी टीम ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर कार्रवाई की और अमीर अहमद को सुरक्षित बचा लिया। हालांकि, आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को अभी तक सफलता नहीं मिली है।

मामले की जांच में पता चला है कि अपहरणकर्ता आदतन अपराधी हैं। आरोपी महिला पहले भी अवैध शराब, गांजा, मेडिकल नशा, और सट्टे जैसे गैरकानूनी कार्यों में लिप्त रही है। उसके परिवार के सदस्य भी इन गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे हैं।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया, “पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमीर अहमद को सुरक्षित बचाया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।”
पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रजनीश सिंह, आरक्षक रौनक पांडे, और लक्ष्मी कश्यप ने अपनी सूझबूझ और ईमानदारी से रेलवे कर्मचारी को सुरक्षित बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।
