रायपुर पुलिस का विशेष अभियान: मोडिफाई सायलेंसर लगे 35 बुलेट वाहन जप्त

रायपुर। शहर में तेज आवाज वाले मोडिफाई सायलेंसर लगाकर चलने वाले बुलेट वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पाइंट लगाकर 35 बुलेट वाहनों को जब्त किया और मोटरयान अधिनियम के तहत 5000-5000 रुपये का जुर्माना लगाया।

रायपुर में कई बुलेट चालक अवैध रूप से मोडिफाई सायलेंसर लगाकर चलते हैं, जिससे तेज धमाके जैसी आवाज होती है। यह आवाज न केवल आम नागरिकों को परेशान करती है बल्कि अन्य वाहन चालकों के लिए डर और घबराहट का कारण बनती है। कई बार अचानक तेज आवाज से वाहन चालक घबरा जाते हैं और सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।

इस समस्या पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत पकड़े गए सभी वाहनों के मोडिफाई सायलेंसर जब्त कर लिए गए और संबंधित वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध मॉडिफिकेशन वाले वाहनों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। यदि कोई वाहन चालक तेज आवाज करने वाले मोडिफाई सायलेंसर के साथ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


