रायपुर: कल्याण ज्वेलर्स में फंसे ग्राहक, दो घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू

रायपुर के पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब शोरूम का शटर अचानक लॉक हो गया। इस घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई ग्राहक अंदर फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मीडिया और पुलिस पहुंची।
मीडियाकर्मी से बदसलूकी, दो कर्मचारी हिरासत में
रिपोर्टिंग के लिए पहुंचे पत्रकारों के साथ कल्याण ज्वेलर्स के कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार किया, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें कवरेज करने से रोका गया

सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से शटर काटकर अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस ने मीडियाकर्मी से बदसलूकी करने वाले दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि शटर अपने आप लॉक हुआ या किसी ने जानबूझकर गिराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


