रायपुर में दीपावली से पहले सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चांदी की कीमत प्रति किलोग्राम 1 लाख 100 रुपए तक पहुंच गई, जबकि सोना 80,600 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर पर पहुंच चुका है। बाजार में कयास लगाए जा रहे हैं कि बंद होते समय कीमतें और बढ़ सकती हैं। व्यापारी और ग्राहक दोनों ही इस तेजी से हैरान हैं और चर्चा कर रहे हैं कि कब तक कीमतों में स्थिरता आएगी।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी के मुख्य कारणों पर प्रकाश डाला है। उन्होंने बताया कि यूरोपियन सेंट्रल बैंक और अमेरिकी फेडरल बैंक द्वारा ब्याज दरों में कमी की गई है, जिससे निवेशक सोने और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। आगामी फेडरल बैंक की बैठक में ब्याज दरों में और कटौती की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, चीन के बांड जारी करने और मध्य पूर्व में युद्ध जैसी वैश्विक अस्थिरताओं के चलते कीमती धातुओं में निवेश बढ़ रहा है। फिलहाल, कीमतों में कमी की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है।

