शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को किया नमन, मुख्यमंत्री ने सोनाखान में दी श्रद्धांजलि
रायपुर: छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस पर मंगलवार को उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि सोनाखान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस कार्यक्रम में शामिल होकर वीर नारायण सिंह के बलिदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने सोनाखान स्थित शहीद स्मारक में वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके साथ ही उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह के वंशजों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का बलिदान स्वतंत्रता संग्राम में हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका त्याग और समर्पण हमें देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है।
सोनाखान में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और सभी ने वीर नारायण सिंह के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।