सेंट पलोटी स्कूल में लापरवाही! टॉयलेट में विस्फोट से बच्ची झुलसी, अभिभावकों का हंगामा

सेंट पलोटी स्कूल में टॉयलेट विस्फोट, चौथी कक्षा की छात्रा घायल, नाराज पालकों का प्रदर्शन



बिलासपुर। सेंट विंसेंट पलोटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टॉयलेट में हुए विस्फोट से चौथी कक्षा की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना से आक्रोशित पालकों ने स्कूल के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शुक्रवार को स्कूल में एक शरारती छात्र ने गर्ल्स टॉयलेट में केमिकल सोडियम डाल दिया। चौथी कक्षा की छात्रा जब टॉयलेट गई और फ्लश किया, तो तेज धमाका हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। बच्ची की चीख सुनकर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।


पालकों का आक्रोश और स्कूल प्रबंधन की चुप्पी
इस घटना से गुस्साए पालक शनिवार सुबह से ही स्कूल के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह स्कूल प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है और दोषी छात्रों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, प्रदर्शन के बावजूद स्कूल प्रिंसिपल और डायरेक्टर ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।


प्रदर्शन कर रहे एक पालक ने कहा, “हम अपने बच्चों को स्कूल में सुरक्षित माहौल में पढ़ने भेजते हैं, लेकिन यहां लापरवाही के कारण बच्चों की जान खतरे में आ गई। स्कूल प्रशासन को जवाब देना होगा।”

इस घटना से पूरे शहर में आक्रोश है, और अभिभावक स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *