कोटा के जंगलों में बाघ के पदचिह्न मिलने से हड़कंप, वन विभाग अलर्ट

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के जंगलों में एक बार फिर बाघ के पदचिह्न मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। बाघ के ये निशान बैंड-अचानकमार के आसपास देखे गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह बाघ अचानकमार टाइगर रिजर्व से भटककर कोटा के जंगलों में आ सकता है।

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग की टीम ने तुरंत सर्च अभियान चलाया, लेकिन बाघ की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह बाघ अचानकमार टाइगर रिजर्व का नहीं है, बल्कि संभवतः किसी अन्य जंगल से भटककर इस इलाके में आ गया है।

वन विभाग ने बताया कि बाघ के रतनपुर-बेलगहना की ओर मूवमेंट करने की संभावना है। कोटा के जंगलों में पिछले कुछ महीनों में कई बार बाघ के निशान देखे जा चुके हैं, जिसके चलते विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और बाघ के मूवमेंट की किसी भी जानकारी को तुरंत वन विभाग तक पहुंचाने की अपील की गई है।

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बाघ की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही, विभाग जल्द ही इलाके में ट्रैप कैमरे लगाने और बाघ की सही स्थिति का पता लगाने के लिए विशेष दल तैनात करने की योजना बना रहा है।

