ऑटो चालक पर बदमाश ने चाकू से किया हमला, विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद के बाद एक बदमाश ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल ड्राइवर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, कुदुदंडा के 27 खोली निवासी 21 वर्षीय राजा सिंह ठाकुर ऑटो चालक हैं। गुरुवार शाम उन्होंने अपनी गली में ऑटो पार्क किया था। जब राजा सिंह ऑटो निकालने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंगला के धुरीपारा निवासी अरविंद पटेल स्टीयरिंग पर पैर रखकर बैठा था। राजा ने अरविंद को ऐसा करने से रोका, जिस पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
दोनों के बीच विवाद बढ़ा और इसी दौरान अरविंद ने चाकू निकालकर राजा सिंह के गले पर वार कर दिया। खून से लथपथ राजा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही राजा के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपी अरविंद पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



